
आकाशवाणी चौक पर आम लोगों से आत्मीय मुलाकात, बच्चों में दिखा खास उत्साह
सादगी और संवेदनशीलता की मिसाल बनीं राष्ट्रपति
आदित्यपुर : एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के बाद लौटते समय भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर के आकाशवाणी चौक में प्रोटोकॉल से इतर आम जनता से सीधा संवाद कर सभी का दिल जीत लिया। राष्ट्रपति का यह अप्रत्याशित कदम वहां मौजूद लोगों के लिए यादगार बन गया।

आकाशवाणी चौक पर काफिला रुकवाकर जनता से संवाद
आदित्यपुर के आकाशवाणी चौक के समीप राष्ट्रपति ने अचानक अपने काफिले को रुकवाया। इसके बाद उन्होंने करीब आधा किलोमीटर तक पैदल चलकर सड़क किनारे खड़े आम नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। राष्ट्रपति को अपने बीच पाकर लोगों में उत्साह और उमंग की लहर दौड़ गई।

बच्चों को टॉफी, मुस्कान के साथ बातचीत
जनसंवाद के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बच्चों को टॉफी बांटी और उनसे स्नेहपूर्वक बातचीत की। उनके सहज व्यवहार और सरल मुस्कान ने बच्चों सहित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। बुजुर्गों और महिलाओं ने भी राष्ट्रपति से आत्मीय मुलाकात कर सम्मानित महसूस किया।
‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंजा इलाका
राष्ट्रपति के इस मानवीय और संवेदनशील व्यवहार से पूरा माहौल भावनात्मक हो गया। लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्री राम’ के नारों के साथ राष्ट्रपति का जोरदार स्वागत किया। जनसैलाब के बीच देशभक्ति का दृश्य देखते ही बन रहा था।
सुरक्षा एजेंसियां रहीं पूरी तरह सतर्क
हालांकि राष्ट्रपति का यह कदम प्रोटोकॉल से हटकर था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों ने आवश्यक सुरक्षा घेरा बनाते हुए पूरे क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखी, जिससे यह जनसंवाद शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हुआ।




