पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अटलजी को बताया सुशासन का प्रतीक
जमशेदपुर : पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं झारखंड राज्य के जनक अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गुरुवार को एग्रीको स्थित अपने आवासीय कार्यालय में अटलजी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर रघुवर दास ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महानायक थे, जो सुशासन के प्रतीक, संवैधानिक मूल्यों के सजग प्रहरी और राष्ट्र निर्माण के दूरदर्शी नेता के रूप में सदैव स्मरण किए जाएंगे। उन्होंने वर्षों से चली आ रही जनभावना को सम्मान देते हुए झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिया, जो उनके ऐतिहासिक और साहसिक निर्णयों में शामिल है।
अटलजी का शासनकाल स्वर्णिम उपलब्धियों से रहा समृद्ध : रघुवर
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का शासनकाल देश के इतिहास में टेलीकॉम क्षेत्र में आई ऐतिहासिक क्रांति, झारखंड सहित तीन नए राज्यों का गठन, परमाणु परीक्षण के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा को सशक्त करना, तथा अंत्योदय अन्न योजना, सर्व शिक्षा अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी जनकल्याणकारी पहलों के लिए सदैव याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अटलजी की विचारधारा, उनके आदर्श और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण युवा पीढ़ी को लगातार प्रेरणा देता रहेगा।

अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर विधायक पूर्णिमा साहू ने किया नमन
एग्रीको स्थित आवासीय कार्यालय में दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं झारखंड राज्य के निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने एग्रीको स्थित अपने आवासीय कार्यालय में अटलजी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।







