तुलसी पूजन दिवस पर विधिवत पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने कहा कि तुलसी का पौधा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत माध्यम भी है। जिस स्थान पर तुलसी का पौधा होता है, वहां का वातावरण स्वतः शुद्ध रहता है। तुलसी ऐसा पौधा है जो 24 घंटे ऑक्सीजन प्रदान करता है, जिससे मानव जीवन को प्रत्यक्ष लाभ मिलता है।
विधायक सरयू राय एग्रिको स्थित योग वेदांत सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित तुलसी पूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
स्वास्थ्य के लिए तुलसी है वरदान
सरयू राय ने कहा कि तुलसी में असंख्य औषधीय गुण विद्यमान हैं। तुलसी का अर्क पीने, पत्तियां चबाने से सामान्य व्यक्ति भी अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकता है। सर्दी, खांसी, नजला, छींक जैसी आम बीमारियों में तुलसी के प्रभावी परिणाम सदियों से देखे जाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दुनिया में हजारों औषधीय पौधे हैं, लेकिन तुलसी ऐसा पौधा है जिसमें केवल गुण ही गुण हैं। यही कारण है कि भारतीय संस्कृति में इसे विशेष स्थान प्राप्त है।
सनातन परंपरा का सजीव उदाहरण है तुलसी पूजन
विधायक ने कहा कि सनातन परंपरा के अनुरूप तुलसी पूजन समारोह का आयोजन समाज को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करता है। इससे आमजन में यह संदेश जाता है कि हमारी परंपराएं केवल आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि जीवनोपयोगी भी हैं।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष 25 दिसंबर को योग वेदांत सेवा समिति द्वारा तुलसी पूजन का आयोजन किया जाता है, जिसे और व्यापक स्तर पर मनाया जाना चाहिए।
पूजा-अर्चना और आरती से गूंजा वातावरण
कार्यक्रम के दौरान तुलसी के पौधे की विधिवत पूजा-अर्चना की गई और आरती उतारी गई। धार्मिक मान्यता के अनुसार मां तुलसी को भगवान विष्णु की पत्नी माना जाता है, इसी कारण उन्हें विष्णुप्रिया भी कहा जाता है। समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से पूजन में भाग लिया।





