जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के नागर मॉल के पास शनिवार की शाम एक चौंकाने वाली ठगी की घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को हिला दिया। साधु के भेष में आए दो ठगों ने कोलकाता की महिला और उसकी भतीजी को ‘पूजा के नाम पर’ झांसा देकर करीब ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने ठग लिए और मौके से फरार हो गए।
पीड़िता अनीता देवी, निवासी कोलकाता, इन दिनों भुइयांडीह स्थित पटेल नगर में अपने रिश्तेदार के घर आई हुई थीं। उन्होंने साकची थाना में इस पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
छठ की खरीदारी के दौरान मिली ठगी की साजिश
शनिवार की शाम अनीता देवी अपनी भतीजी प्रीति के साथ छठ पूजा की खरीदारी करने साकची बाजार गई थीं। इसी दौरान नागर मॉल के पास एक व्यक्ति, जो साधु के वेश में था, उनके पास आया और उनसे एक नए मेडिकल स्टोर का पता पूछने लगा।
अनीता देवी ने बताया कि उन्होंने विनम्रता से कहा कि वे स्थानीय नहीं हैं और उन्हें उस स्टोर की जानकारी नहीं है। इस पर साधु ने पानी मांगने की बात कही। जब आस-पास पानी नहीं मिला तो अनीता देवी ने उसे पैसे देने चाहे, लेकिन उसने पैसे लेने से इनकार कर दिया और खुद उन्हें पास की दुकान पर ले जाकर पानी खरीदवाया।
‘पूजा कर संकट टालने’ के बहाने रचा गया ठगी का खेल
पानी पीने के बाद ठग ने कहा कि उसके बेटे पर संकट है और वह प्रार्थना कर उसका संकट टाल सकता है। इसी बीच एक और व्यक्ति, जो उसी गिरोह का सदस्य था, वहां पहुंच गया। दोनों ने महिला और उसकी भतीजी से कहा कि वे अपने गहने निकालकर उनकी हथेली में रखें ताकि वे ‘पूजा कर संकट टाल सकें’।
अनीता देवी ने बताया कि उन्होंने अपना सोने का चेन, कान की बाली और बाला, जबकि भतीजी प्रीति ने चांदी की चेन निकालकर उनके हाथ में रख दी। दोनों ठगों ने कहा कि अब आप 21 कदम आगे चलिए, संकट खत्म हो जाएगा।
जैसे ही दोनों महिलाएं आगे बढ़ीं, ठग मौके से रफूचक्कर हो गए। जब पीछे मुड़ीं तो देखा कि दोनों व्यक्ति गायब हैं और उनके सारे गहने साथ ले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, ठगों की तलाश में जुटी टीम
घबराई हुई अनीता देवी ने तुरंत साकची थाना पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दोनों ठगों की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह गिरोह धार्मिक वेशभूषा धारण कर भोली-भाली महिलाओं से ठगी करता है। पुलिस को संदेह है कि यह एक घूमंतू ठग गिरोह है, जो अलग-अलग शहरों में सक्रिय है।
शहरवासियों को चेतावनी, ‘अजनबियों से सतर्क रहें’
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साधु या बाबा के वेश में आने वाले अजनबियों से सावधान रहें, खासकर जब वे पूजा, तावीज़ या संकट टालने के नाम पर संपर्क करें।
ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है ताकि ठग गिरोहों पर लगाम लगाई जा सके।



