काली पूजा स्वर्ण जयंती पर होगा भव्य कार्यक्रम, 24 को रक्तदान शिविर और 29 तक चलेगा विशाल मेला
जमशेदपुर : छोटा गोविंदपुर में नवयुवक काली पूजा कमेटी की स्वर्ण जयंती पर इस वर्ष खास आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर 25 अक्टूबर (शनिवार) को सामुदायिक विकास मैदान, गोविंदपुर में प्रसिद्ध भोजपुरी गायक गोलू राजा और लोकप्रिय गायिका बबीता अपने गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे।
गोलू राजा, जो आरा जिला के पीरों निवासी हैं, भोजपुरी संगीत के सुपरहिट मंच कलाकारों में गिने जाते हैं। उनके गाए गीत—
🎵 “गवनवा करवालअ ए राजा जी”,
🎵 “चटकदार ओढ़नी वाली”,
🎵 “ओठवा के ललिया”
भोजपुरी प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।
वहीं, स्टेज पर उनके साथ प्रस्तुति देंगी भोजपुरी गायिका बबीता, जिनके सुपरहिट गीत—
🎤 “छोड़ी छोड़ी कलइयां सैंया भोर हो गइल”
🎤 “हमके साड़ी चाही”
श्रोताओं के बीच खूब पसंद किए जाते हैं।

24 अक्टूबर को रक्तदान शिविर, 29 तक चलेगा मेला
काली पूजा समिति द्वारा 24 अक्टूबर को रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया है। समिति का यह प्रयास समाजसेवा और धार्मिक उत्सव का एक सुंदर संगम प्रस्तुत करता है।
काली पूजा को लेकर विशाल मेला का आयोजन किया गया है, जो 29 अक्टूबर तक चलेगा। मेले में पूजा-पंडाल, झूले, खाद्य स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र हैं।
पूरी तैयारी जोरों पर, समिति अध्यक्ष ने की अपील
नवयुवक काली पूजा समिति के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारी अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा,
“यह हमारे लिए गौरव का क्षण है। स्वर्ण जयंती समारोह को सफल बनाने में गोविंदपुर की जनता का सहयोग और उत्साह अभूतपूर्व है।”
उन्होंने स्थानीय युवाओं और नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस सांस्कृतिक पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और आयोजन को सफल बनाएं।



