गलतफहमी दूर करते हुए कांग्रेस नेता सलीम खान ने दी सफाई
तिलक पुस्तकालय कार्यक्रम में देरी से पहुंचने को लेकर हुआ भ्रम
परविंदर सिंह को बताया ज़मीन से जुड़ा कार्यकर्ता
आलाकमान का निर्णय स्वागत योग्य, हमें मिलकर काम करना है
जमशेदपुर : जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष सलीम खान ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह के साथ उनका कोई व्यक्तिगत या संगठनात्मक विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जो बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह भ्रामक और सच्चाई से परे सिर्फ गलतफहमी थी।
क्या हुआ था कार्यक्रम के दिन?
पत्रकारों से बातचीत में सलीम खान ने बताया कि परविंदर सिंह के शपथ ग्रहण समारोह के दिन वे निर्धारित कार्यक्रम के तहत तिलक पुस्तकालय जा रहे थे, लेकिन पुल जाम होने के कारण विलंब से पहुंचे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे मंच पर निवर्तमान अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करने के बाद परविंदर सिंह की प्रशंसा करना चाहते थे, परंतु कुछ लोगों ने उन्हें बोलने का पूरा अवसर नहीं दिया, जिससे गलतफहमी उत्पन्न हुई।
“परविंदर सिंह का कार्यकर्ता से अध्यक्ष तक का सफर सराहनीय”
सलीम खान ने परविंदर सिंह की राजनीतिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि वे एनएसयूआई से शुरुआत करके आज जिला अध्यक्ष तक पहुंचे हैं, यह स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर से जुड़ा ऐसा नेता संगठन के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
आलाकमान का फैसला बिल्कुल सही”
सलीम खान ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान द्वारा परविंदर सिंह को जिला अध्यक्ष नियुक्त करना एक उचित और दूरदर्शी निर्णय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि परविंदर सिंह अपने कार्यकाल में पार्टी की छवि मजबूत करने, जनता के मुद्दों को उठाने और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बेहतर कार्य करेंगे।
अगर उनको अवसर देंगे तो अच्छा करके दिखाएंगे
सलीम खान ने अंत में कहा कि हम सब आपसी गलतफहमी भुलाकर पार्टी हित में एकजुट होकर काम करें। उन्होंने कहा कि अगर परविंदर सिंह अपनी कमेटी में उनको मौका देते है तो वे पूर्व की भांति अपना काम और जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।



