सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीरें, तीन बंगाली मजदूरों ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस की तत्परता से बचा अनहोनी
6 वर्षीय आरिश को अपहरण के बाद ले जाया गया था मुर्शिदाबाद, बंगाल पुलिस की मदद से रेस्क्यू
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदास भट्ठा से एक बिल्डर के 6 वर्षीय बेटे आरिश के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरिश एलकेजी कक्षा का छात्र है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से आए तीन मजदूरों ने अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
बिल्डर फिरदौस के बेटे के गायब होने के बाद परिजनों ने तत्काल बिष्टुपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच शुरू करते हुए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिनमें साफ तौर पर देखा गया कि तीन मजदूर बच्चे को अपने साथ ले जा रहे हैं।
इसके आधार पर पुलिस ने अपहरण की पुष्टि करते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस की तेज कार्रवाई, मुर्शिदाबाद से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मनोज ठाकुर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसे मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) रवाना किया गया।
बंगाल पुलिस की मदद से चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में आरिश को सकुशल बरामद कर लिया गया, हालांकि तीनों आरोपी मजदूर फरार होने में सफल रहे।

डीएसपी मनोज ठाकुर ने क्या कहा?
“एक्शन टीम को त्वरित रूप से मुर्शिदाबाद भेजा गया था। बंगाल पुलिस के सहयोग से बच्चा सुरक्षित मिल गया है। आरोपियों की पहचान हो गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।”
— मनोज ठाकुर, डीएसपी, जमशेदपुर



