जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने आज जमशेदपुर परिसर में एक प्रेस वार्ता के दौरान नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी सुधार को भारत के आर्थिक इतिहास का मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय देश को आत्मनिर्भर और सशक्त अर्थव्यवस्था की ओर ले जाने वाला ठोस कदम है।
जीएसटी से देश को मिल रही राजस्व में ऐतिहासिक बढ़त
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में जब जीएसटी लागू किया गया था, तब इसका उद्देश्य विभिन्न करों को समाप्त कर एक समान कर व्यवस्था लागू करना था।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि “2017-18 में देश का जीएसटी राजस्व 82,000 करोड़ रुपये था, जबकि वर्तमान वित्तीय वर्ष में यह बढ़कर औसतन 2,45,000 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।”
भाजपा पदाधिकारियों की भी रही मौजूदगी
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष सुधांशु ओझा और जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा भी मौजूद थे। दोनों ने जीएसटी सुधार को “प्रधानमंत्री मोदी की गरीब, मध्यमवर्ग और उद्योग समर्थक नीति” का परिणाम बताया।
त्योहारों से पहले मध्यम वर्ग और आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
उन्होंने बताया कि आगामी 22 सितम्बर, यानी पवित्र नवरात्रि की शुरुआत के दिन से नए जीएसटी सुधार प्रभावी होंगे। इससे त्योहारों से पहले देश के करोड़ों उपभोक्ताओं को सीधी राहत मिलेगी। उन्होंने कुछ मुख्य बिंदु भी साझा किए।



